CGTalkies

CGTalkies News

खड़े ट्रैक्टर में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से धूं-धूं कर जला इंजन

(सीजी टॉकिज) राजिम:- कौंदकेरा-भैसतरा मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रैक्टर आग का गोला बन गया और कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से इंजन में आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचा ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले इंजन से धुआं उठता दिखाई दिया, फिर अचानक तेज लपटें निकलने लगीं। आग की ऊंची लपटें और काला धुआं देखकर आसपास के लोग घबरा गए। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक ट्रैक्टर पूरी तरह जल चुका था।

बताया जा रहा है कि इन दिनों क्षेत्र में रबी सीजन की धान कटाई का कार्य चल रहा है। इसी दौरान ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा था, तभी अचानक बैटरी शॉर्ट होने से हादसा हो गया। गनीमत रही कि इस भीषण आगजनी में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रैक्टर मालिक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।