(सीजी टॉकिज) :- अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा में बुधवार शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोपेड को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड सवार मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।
जानकारी के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 की शाम करीब 6 बजे लकेश्वर यादव अपनी भतीजी वंशिका यादव को मोपेड (CG04 LN 2954) में बैठाकर घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम परसदा में पीछे से तेज गति से आ रहे डीजे बाक्स लगे ट्रैक्टर (CG04 PK 3573) ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोपेड सवार दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अभनपुर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम वंशिका यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल लकेश्वर यादव को उपचार के लिए भर्ती किया गया।
ट्रैक्टर में तेज आवाज में बज रहा था गाना
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटना के समय ट्रैक्टर में बड़ा साउंड बॉक्स लगा हुआ था और उसमें तेज आवाज में गाना बजाया जा रहा था। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रदर्शन बढ़ने की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को शांत कराया गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




