(सीजी टॉकिज) नवापारा:- जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाने की तैयारी हो रही थी, जहां मां लक्ष्मी की पूजा के बाद गौरी-गौरा पूजन की रस्में निभाई जानी थीं, वहां अचानक ऐसा मातम छा गया कि पूरे गांव की खुशियां आंसुओं में बदल गईं। अपनों के साथ त्योहार मनाने रायपुर से अपने गांव लौट रहा एक परिवार घर पहुंचने से महज कुछ किलोमीटर पहले ही हमेशा के लिए बिछड़ गया।
महानदी के टीला एनीकट में अनियंत्रित होकर समाई कार ने एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदगी छीन ली। हादसे में पति-पत्नी और उनके जवान बेटा-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना ने न सिर्फ पसौद गांव, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र की है।
रास्ते में ही थम गई चार जिंदगियां
जानकारी के अनुसार, गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पसौद निवासी शीतल साहू (44 वर्ष) अपनी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटे विकास साहू और 21 वर्षीय बेटी पूर्वा साहू के साथ रायपुर में दीपावली मनाने के बाद अपने गृहग्राम लौट रहे थे। परिवार के लोग बेसब्री से उनके घर पहुंचने का इंतजार कर रहे थे। बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे शीतल साहू की परिजनों से फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद परिवार के लोग उनके गांव पहुंचने का इंतजार करते रहे।
गांव से महज 5 किलोमीटर पहले काल बन गया टीला एनीकट
बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे से 2 बजे के बीच उनकी कार राजिम के टीला एनीकट के पास पहुंची। गांव की दूरी महज पांच किलोमीटर और घर पहुंचने में लगभग 10 मिनट का रास्ता बाकी था। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर एनीकट से नीचे महानदी में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार चारों लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और पूरा परिवार पानी में समा गया।
फोन नहीं उठा तो अनहोनी की आशंका में निकले परिजन
इधर काफी देर तक परिवार के घर नहीं पहुंचने और उनसे कोई संपर्क नहीं होने पर परिजन परेशान हो उठे। शीतल साहू को लगातार फोन किया गया, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका गहराने पर मृतक का भाई गांव के अन्य लोगों के साथ उनकी तलाश में निकल पड़ा। खोजबीन के दौरान टीला एनीकट के पास पहुंचे तो वहां एनीकट के चार पिलर टूटे हुए दिखाई दिए।
इसके बाद नदी में तलाश शुरू की गई। जब पानी के भीतर कार दिखाई दी तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। कार के अंदर परिवार के चारों सदस्यों के शव मिले। जिस भाई को अपनों के सुरक्षित होने की उम्मीद थी, उसे अपने ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर का सामना करना पड़ा।
पत्रकार शीतल साहू समेत परिवार के चार लोगों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटे विकास साहू और 21 वर्षीय बेटी पूर्वा साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शीतल साहू पूर्व सरंपच चंद्रशेखर साहू के बेटे थे और पत्रकारिता से जुड़े थे। उनकी कार पर ‘‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’’ लिखा हुआ था। एक साथ परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
गांव में पसरा सन्नाटा
ग्राम पसौद में दीपावली के अवसर पर लक्ष्मी पूजा के बाद गौरी-गौरा पूजन की तैयारियां चल रही थीं। गांव में त्योहार की रौनक थी, लेकिन इस हादसे की खबर मिलते ही खुशियों का माहौल चीख-पुकार और मातम में बदल गया। परिवार के चार सदस्यों की एक साथ मौत से पूरा गांव स्तब्ध है। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए।
पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना गोबरा नवापारा थाना अंजर्गत चंपारण चौकी क्षेत्र के टीला एनीकट की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। कार अनियंत्रित होकर एनीकट से महानदी में कैसे गिरी, इसका वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




