CGTalkies

CGTalkies News

ब्रेकिंगः तालाब में तैरती मिली अज्ञात युवती की लाश, हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका

(सीजी टॉकिज) नवापारा :- रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लखना (कोलियारी) में गुरुवार सुबह तालाब में एक युवती की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार ग्राम लखना के ग्रामीणों ने गांव के तालाब में युवती का शव तैरता हुआ देखा। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को तालाब से बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू कराई। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।

आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या करने के बाद उसके शव को सबूत मिटाने की नीयत से तालाब में फेंका गया हो। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि मृतका की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच है। युवती का रंग गोरा है। उसने मेहंदी रंग की कुर्ती, काले-सफेद छींटदार लेगिंग्स, नाक में फुल्ली, दोनों कानों में काले रंग की बालियां, दाहिने हाथ में मोली का धागा तथा तांबे का चूड़ा पहन रखा है। युवती की शिनाख्त के लिए सभी थानों और आसपास के गांव में सूचना दे दी गई है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतका की पहचान के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह तत्काल थाना गोबरा नवापारा या नजदीकी पुलिस थाने में सूचना देकर जांच में सहयोग कर सकता है।