CGTalkies

CGTalkies News

खनिज माफियाओं पर रातभर चला कार्रवाई: 8 हाइवा जब्त, रेत-बोल्डर से लदे 8 हाइवा जब्त

 (सीजी टॉकिज) :- अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने रातभर कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने अवैध रूप से रेत और बोल्डर का परिवहन कर रहे कुल 8 हाइवा वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार उप संचालक खनि प्रशासन राजेश मालवे एवं सहायक खनि अधिकारी उमेश भार्गव के मार्गदर्शन में विशेष जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान नारी और धमतरी क्षेत्र से रेत लोड कर परिवहन कर रहे 6 हाइवा तथा तुमगांव क्षेत्र से बोल्डर लेकर आ रहे 2 हाइवा को रोककर जांच की गई।

जांच के दौरान संबंधित वाहन चालकों से खनिज परिवहन के दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके। दस्तावेजों के अभाव में सभी वाहनों को अवैध परिवहन की श्रेणी में मानते हुए जब्त कर लिया गया। खनिज विभाग की टीम ने जब्त किए गए वाहनों को आवश्यक कार्रवाई के बाद उपरवारा थाना और माना थाना की सुपुर्दगी में सौंप दिया है। अब प्रकरण में खनिज नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ रातभर चली इस कार्रवाई से खनिज माफियाओं में खलबली मच गई। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस विशेष अभियान में सुपरवाइजर सुनील दत्त शर्मा, लुकेश वर्मा, अज्जू मानिकपुरी और दयाराम साहू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।