(सीजी टॉकिज) राजिम:- गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। चौबेबांधा और पितईबंद रेत खदान में अवैध रूप से रेत उत्खनन किए जाने की सूचना पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम ने चेन माउंटेन और जेसीबी मशीनों की मदद से रेत निकालने और परिवहन करने के लिए बनाए गए रास्तों को खोदकर तोड़ दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध रेत उत्खनन और रेत के परिवहन पर रोक लगाना है। कार्रवाई के दौरान टीम ने दोनों रेत खदानों तक पहुंचने वाले रास्तों को बाधित किया, ताकि वहां से अवैध रूप से रेत निकालने का काम रोका जा सके।
इस कार्रवाई के बाद रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल मच गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन की यह कार्रवाई अवैध रेत उत्खनन पर कितनी प्रभावी रोक लगा पाती है और आगे भी ऐसे स्थलों पर निगरानी एवं कार्रवाई जारी रहती है या नहीं।




