CGTalkies

CGTalkies News

सरदार पटेल जयंती और छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर ज्ञानोवा हाइट्स स्कूल में भव्य आयोजन

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर:- ग्राम बासीन स्थित ज्ञानोवा हाइट्स इंग्लिश मीडियम स्कूल में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) एवं छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित करने के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिन्हा, डायरेक्टर सुश्री हिमकल्याणी शर्मा एवं उपसंचालक नरेंद्र रात्रे ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके राष्ट्रप्रेम और अखंड भारत के निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। साथ ही विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के महत्व और प्रदेश की गौरवशाली परंपराओं, संस्कृति एवं पहचान से परिचित कराया।

कार्यक्रम में शिक्षिका श्रीमती पुष्पा सेन, श्रीमती ज्योति यादव एवं सुश्री सोनिया सोनी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया। बच्चों की सहभागिता और देशभक्ति के नारों से पूरा विद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर रहा। समारोह में विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।