(सीजी टॉकिज) अभनपुर:- राजिम मार्ग पर चाकू मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पीने के बाद खर्च के लिए पैसे नहीं होने पर आरोपियों ने राहगीर को लूटने की योजना बनाई थी। देर रात पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर राहगीर को रोकने की कोशिश की गई। बाइक नहीं रोकने पर आरोपियों ने पीछा कर उसे ओवरटेक किया और रोककर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
पहले शराब पी, फिर लूटने की बनाई योजना
पुलिस के मुताबिक 4 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे वेदप्रकाश ध्रुव उर्फ धुनु और छबी जांगड़े उर्फ धोंधी शराब लेकर मानिकचौरी रेलवे फाटक के पास कृष्णा डेलीनीड्स के आसपास पहुंचे। दोनों ने वहां शराब का सेवन किया। इसके बाद खर्च के लिए पैसे नहीं होने पर दोनों ने राहगीरों को लूटने की योजना बनाई। रात करीब 1 बजे दोनों मोटरसाइकिल से अभनपुर की ओर रवाना हुए। रास्ते में उन्हें एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। आरोपियों ने पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर उसे रोकने की कोशिश की।
बाइक नहीं रोकी तो ओवरटेक कर जबरन रोका
राहगीर ने जब अपनी मोटरसाइकिल नहीं रोकी तो आरोपियों ने उसका पीछा किया। कुछ दूर आगे जाकर मोटरसाइकिल को ओवरटेक कर उसे रोक लिया। बातचीत के दौरान छबी जांगड़े उर्फ धोंधी ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वेदप्रकाश भी मारपीट में शामिल हो गया। दोनों ने मिलकर युवक को पकड़ लिया। इसी दौरान विरोध करने पर नाबालिग ने अपने पास रखे धारदार चाकू से युवक पर कई वार कर दिए। चाकू के हमले से युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
मोबाइल और 1000 लूटकर फरार
हमले के बाद आरोपियों ने युवक के पास से मोबाइल फोन और 1000 नगद लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल पर युवक मृत अवस्था में मिला, जबकि उसकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे पड़ी हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को सुरक्षित रूप से मर्च्यूरी में रखवाया। मृतक की पहचान ग्राम गातापार निवासी देवाराम साहू पिता स्वर्गीय जुगराम साहू (48 वर्ष) के रूप में हुई है।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंची पुलिस आरोपियों तक
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को घटना में शामिल तीन लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू सहित अन्य सामग्री बरामद कर जब्त की गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
नाबालिग के खिलाफ पहले भी दर्ज है मामले
पुलिस के अनुसार घटना का मुख्य आरोपी नाबालिग है, जिसके विरुद्ध पूर्व में छह गंभीर अपराधों में संलिप्तता पाई गई है। वह किशोर न्याय बोर्ड से जमानत के बाद बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था। इस मामले में गिरफ्तार वेदप्रकाश ध्रुव उर्फ धुनु के खिलाफ पूर्व में चोरी, लूट और हत्या का मामला दर्ज है। जबकि छबी जांगड़े उर्फ धोंधी के विरुद्ध भी पूर्व में मारपीट के 3, लूट और हत्या के मामले दर्ज हैं।




