CGTalkies

CGTalkies News

कौन्दकेरा के पास भीषण हादसा, अनियंत्रित ईको वाहन 50 फीट नीचे गिरा, 4 लोग गंभीर रूप से घायल

(सीजी टॉकिज) राजिम:- राजिम थाना क्षेत्र के ग्राम कौन्दकेरा के पास एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक सफेद रंग की ईको गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के दौरान गाड़ी में चार लोग सवार बताए जा रहे हैं, जो घायल हुए हैं।

हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़

जानकारी के मुताबिक, ईको वाहन ग्राम धुरसा का बताया जा रहा है। वाहन के अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और वाहन के अंदर खून के निशान दिखाई दिए।

हादसे में घायल चारों लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया है। इनमें एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, घायलों की पहचान और उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति की आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

जांच में जुटी पुलिस

ईको वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 फीट नीचे गिरा, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। राजिम पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।