CGTalkies

CGTalkies News

गरियाबंद पुलिस का बड़ा एक्शन: 10.961 किलो गांजा, बोलेरो समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) राजिम :- गरियाबंद पुलिस ने गांजा की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में एक नाबालिग सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.961 किलोग्राम गांजा, एक बोलेरो वाहन, पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त गांजे की कीमत करीब 5.48 लाख बताई गई है, जबकि वाहन सहित कुल जब्ती की कीमत लगभग 12.45 लाख आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना फिंगेश्वर पुलिस को सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन में अवैध गांजे की तस्करी की जा रही है।

बोलेरो से मिला 2.982 किलो गांजा

24 जुलाई 2026 को राजिम-महासमुंद-छुरा मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बोलेरो (CG 18 L 6718) को रोककर तलाशी ली। वाहन से 2.982 किलोग्राम गांजा, तीन मोबाइल और बोलेरो वाहन जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपी उमेश यादव, जितेंद्र बघेल और एक विधि से संघर्षरत बालक ने बताया कि गांजे की खेप रायपुर के टिकरापारा निवासी मोहम्मद शकील उर्फ राजा लाइट और मोहम्मद फैजान बख्श को बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए दोनों तस्करों को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया।

बोरसी में 7.979 किलो गांजा बरामद

इसी प्रकार 25 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना फिंगेश्वर पुलिस ने ग्राम बोरसी के पास एक सूने मकान में दबिश दी। यहां महेश उर्फ शिवांश जांगड़े और लवीन कुमार जांगड़े को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 7.979 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल बरामद किए गए।

गांजा तस्कर गिरफ्तारदोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।