CGTalkies

CGTalkies News

सुरक्षा के मद्देनजर गरियाबंद पुलिस की सरपंचों व कोटवारों से बैठक: दिए गए सख्त निर्देश

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस ने अवैध प्रवासियों की पहचान और किरायेदारों के शत-प्रतिशत सत्यापन के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सरपंचों और कोटवारों की बैठक आयोजित कर उन्हें गांव और शहरों में आने वाले नए लोगों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

गांव स्तर पर होगी निगरानी

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सरपंचों और कोटवारों से कहा कि वे गांव और वार्ड स्तर पर सजग प्रहरी की भूमिका निभाएं। मजदूरी, रोजगार या अन्य कारणों से बाहर से आकर रहने वाले प्रत्येक नए व्यक्ति की जानकारी संबंधित थाना पुलिस को तत्काल उपलब्ध कराएं। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है या उसके पास वैध पहचान पत्र नहीं है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं।

गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किराये के मकानों में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है। सभी मकान मालिकों से अपने किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने की अपील की गई है। इसके लिए पुलिस के ‘‘समाधान ऐप’’ के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन किरायेदार सत्यापन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गरियाबंद पुलिस ने आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और मकान मालिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जिले को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध रूप से रह रहे व्यक्ति की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें।