CGTalkies

CGTalkies News

छुरा में चलते ट्रैक्टर से सड़क पर गिरा युवक, मौके पर मौत

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद :- जिले के छुरा इलाके से बड़ी खबर आ रही है, जहां चलते ट्रैक्टर से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। युवक ट्रैक्टर के इंजन के दाहिनी ओर बैठा था, इस बीच उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती गाड़ी से सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार घटना 9 सितंबर की शाम करीब 4 बजे ग्राम भैंसामुड़ा स्थित शीतला मंदिर के आगे सारागांव रोड के पास की है। मृतक की पहचान ग्राम कोसमी निवासी दुजकुमार जगत पिता किसनूराम जगत के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार मुताबिक 9 सितंबर को ग्राम कोसमी निवासी दुजकुमार जगत पिता किसनूराम, अपने साथी कुशल यादव के साथ पुनीतराम निषाद के ट्रैक्टर क्रमांक CG 23 M 8514 से भैंसामुड़ा से वापस लौट रहा था। ट्रैक्टर पुनीतराम निषाद चला रहा था। इस दौरान दुजकुमार इंजन के दाहिनी ओर और कुशल यादव बाईं ओर बैठा था।

बताया गया कि ट्रैक्टर भैंसामुड़ा से आगे शीतला मंदिर के पास सारागांव रोड पर पहुंचा था। इसी दौरान इंजन के दाहिनी ओर बैठे दुजकुमार का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर के इंजन से नीचे सड़क पर जा गिरा। सड़क पर गिरने से शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद परिजन और आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल दुजकुमार को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा ले जाया गया। चिकित्सक से जांच कराने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।

ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही का आरोप

पुलिस में दिए गए बयान में मृतक के पिता किसनूराम जगत ने आरोप लगाया है कि ट्रैक्टर चालक पुनीतराम निषाद वाहन को तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। इसी वजह से दुजकुमार का संतुलन बिगड़ा और वह ट्रैक्टर के इंजन से सड़क पर जा गिरा और हादसे में गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है। जांच के बाद घटना के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।