(सीजी टॉकिज) गरियाबंद :- स्कूल की छुट्टी होते ही तेज रफ्तार में सड़कों पर दोपहिया वाहन दौड़ाने वाले नाबालिग अब पुलिस के निशाने पर हैं। लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गरियाबंद जिले की पुलिस ने विशेष सतर्कता अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग स्कूलों के बाहर निगरानी कर दोपहिया वाहन चलाते नाबालिगों को पकड़ा गया। पुलिस सभी को वाहनों सहित थाने लेकर पहुंची और उनके परिजनों को बुलाकर कड़ी समझाइश दी।
स्कूलों के बाहर पुलिस की निगरानी, नाबालिगों को रोका
पुलिस ने बताया कि देवभोग थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्कूलों में छुट्टी के बाद पुलिस ने निगरानी अभियान चलाया। इस दौरान तेज रफ्तार से दोपहिया वाहन चलाते हुए निकल रहे नाबालिगों को रोककर उनके वाहन थाने लाए गए। इसके बाद उनके अभिभावकों को थाना बुलाया गया और बच्चों के वाहन चलाने के खतरों के बारे में विस्तार से समझाया गया।
बच्चों के साथ दूसरों की जान भी खतरे में
पुलिस अधिकारियों ने नाबालिगों और उनके परिजनों को बताया कि कम उम्र में मोटर वाहन चलाना बच्चों की जान के लिए खतरनाक है। तेज रफ्तार और अनुभव की कमी के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। इससे सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
पुलिस ने बच्चों के भविष्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समझाइश देकर वाहनों को छोड़ दिया। हालांकि, यह भी स्पष्ट कर दिया कि दोबारा नाबालिगों को वाहन चलाने के लिए दिया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसमें वाहन उपलब्ध कराने वाले वाहन स्वामी और परिजन भी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।
अभिभावकों से पुलिस की अपील
देवभोग पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया या अन्य मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें। बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सबसे पहले परिवार की है। पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि सड़क सुरक्षा के मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे सख्ती की जाएगी।




