(सीजी टॉकिज) राजिम :- कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर ग्राम पसरदाकला में मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन हर्षाेल्लास और भक्तिमय माहौल में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रोहित साहू शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति नंदनी साहू ने की। इस दौरान विधायक ने टिनशेड निर्माण एवं नवनिर्मित सीसी रोड का लोकार्पण कर ग्रामीणों को विकास कार्यों की सौगात दी।
भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के बाद मटकी फोड़ प्रतियोगिता शुरू हुई। युवाओं ने गोविंदा की टोली बनाकर मटकी फोड़ने का रोमांचक प्रयास किया। जैसे-जैसे मानव पिरामिड ऊपर बढ़ता गया, ग्रामीणों का उत्साह भी चरम पर पहुंचता गया। पूरे आयोजन स्थल पर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘गोविंदा आला रे’ के जयकारे गूंजते रहे।

इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने क्षेत्रवासियों को कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, सत्य, कर्म और जनकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे एवं एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता है। पसरदकला में टिनशेड और सीसी रोड का निर्माण ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है। आने वाले समय में भी क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।
संस्कृति और परंपराओं को सहेजने पर जोर
जिला पंचायत सभापति नंदनी साहू ने कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला पर्व है। गांवों में होने वाले ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्य लगातार आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष हरीश साहू ने कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी ग्रामीण संस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता की प्रतीक है। पसरदकला में युवाओं ने जिस उत्साह के साथ मटकी फोड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, वह उनकी ऊर्जा और आपसी भाईचारे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि टिनशेड और सीसी रोड की सौगात से ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं में राहत मिलेगी।
भाजपा मंडल अध्यक्ष मंजूलता हरित ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन संगठित होकर समाज और धर्म की सेवा करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ गांवों में अधोसंरचना का विस्तार भी प्राथमिकता है।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में सरपंच गणेश साहू, पूर्व जनपद सदस्य नेमीचंद देवांगन, उपसरपंच तिलेश्वरि मिथलेश साहू, होरी लाल साहू, जनक श्रीवास, बिसराम निषाद, खुमान साहू, बिहारी साहू, बालिक राम, खलेश साहू, सुरेश साहू, किसलाल साहू, युवराज साहू, रवि साहू, गिरधारी निषाद सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मटकी फोड़ कार्यक्रम में ग्रामीणों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं, विकास कार्यों के लोकार्पण पर ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।




