
Breaking News











रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम संकरी में घरेलू विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी ही बहू पर हंसिया से जानलेवा हमला कर दिया। गले पर वार होते ही महिला लहूलुहान होकर चीखने लगी, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसकी जान बचाई। घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए शासकीय अस्पताल अभनपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम संकरी निवासी रेवती साहू मंगलवार सुबह करीब 9.30 बजे अपने बच्चों के लिए टिफिन तैयार कर रही थीं। इसी दौरान उनके जेठ सच्चिदानंद साहू घर के आंगन में पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी दी और अपने हाथ में रखे हंसिया से सीधे उसके गले पर वार कर दिया।
हमले में महिला के गले के दाहिने हिस्से पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास की महिलाएं और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। कुछ देर बाद महिला का पति भी घर पहुंचा और घायल पत्नी को तत्काल शासकीय अस्पताल अभनपुर लेकर गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने महिला का बयान दर्ज कर आरोपी सच्चिदानंद साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2) एवं 109 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- जिले में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वन विभाग के 8 अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मैनपुर विकासखंड के ध्रुवागुड़ी और बुढ़गेलटप्पा घाटी के बीच उस समय हुआ, जब वन विभाग की शासकीय बोलेरो और सामने से आ रहे एक ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, देवभोग वन विभाग का दल विभागीय कार्य के सिलसिले में गरियाबंद मुख्यालय गया हुआ था। कार्य समाप्त होने के बाद सभी अधिकारी और कर्मचारी शासकीय बोलेरो से देवभोग लौट रहे थे। शाम करीब 6.30 बजे बुढ़गेलटप्पा घाटी के पास सामने से आ रहे ट्रक से बोलेरो की सीधी टक्कर हो गई। बोलेरो में कुल 9 लोग सवार थे, जिनमें रेंजर अश्विनी दास मुरचुलिया, वाहन चालक महेंद्र निर्मलकर, वन रक्षक उमेश ध्रुव सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण, राहगीर और पुलिस के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद रेंजर अश्विनी दास मुरचुलिया को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ कर्मचारियों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
रेंजर अश्विनी दास मुरचुलिया के आकस्मिक निधन से वन विभाग में शोक का माहौल है। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस ने अवैध प्रवासियों की पहचान और किरायेदारों के शत-प्रतिशत सत्यापन के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सरपंचों और कोटवारों की बैठक आयोजित कर उन्हें गांव और शहरों में आने वाले नए लोगों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सरपंचों और कोटवारों से कहा कि वे गांव और वार्ड स्तर पर सजग प्रहरी की भूमिका निभाएं। मजदूरी, रोजगार या अन्य कारणों से बाहर से आकर रहने वाले प्रत्येक नए व्यक्ति की जानकारी संबंधित थाना पुलिस को तत्काल उपलब्ध कराएं। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है या उसके पास वैध पहचान पत्र नहीं है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं।
गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किराये के मकानों में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है। सभी मकान मालिकों से अपने किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने की अपील की गई है। इसके लिए पुलिस के ‘‘समाधान ऐप’’ के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन किरायेदार सत्यापन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गरियाबंद पुलिस ने आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और मकान मालिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जिले को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध रूप से रह रहे व्यक्ति की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें।

(सीजी टॉकिज) राजिम:- राजिम विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और आगामी योजनाओं की समीक्षा के लिए विधायक रोहित साहू ने स्थानीय विश्राम गृह में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक ली। बैठक में लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, सेतु निगम और विद्युत सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। विधायक ने सभी विभागों को विकास कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में क्षेत्र की सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। विधायक रोहित साहू ने जतमई-घटारानी, झरझरा और चिंगरापगार जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों के लिए बेहतर सड़क, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन स्थलों के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।
समीक्षा बैठक के दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कर आम जनता को शीघ्र लाभ पहुंचाया जाए।
विधायक रोहित साहू ने राजस्व विभाग को नामांतरण, सीमांकन एवं अन्य राजस्व प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
बैठक के अंत में विधायक रोहित साहू ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनसेवा, सुशासन और क्षेत्र के समग्र विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
बैठक में अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए सभी निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, डीएफओ शशिकानंदन के., एसडीएम विशाल महाराणा, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता रामेश्वर प्रसाद सिंह सहित सेतु निगम, विद्युत एवं वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

(सीजी टॉकिज) राजिम:- गरियाबंद जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजिम में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देते हुए नवनिर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (Block Public Health Unit) का शुभारंभ किया गया। इस आधुनिक स्वास्थ्य इकाई का लोकार्पण राजिम विधायक रोहित साहू ने अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ फीता काटकर किया। यूनिट शुरू होने से अब क्षेत्र के मरीजों को 97 प्रकार की रक्त एवं अन्य स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क उपलब्ध होंगी और उनकी रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी।
कार्यक्रम में राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, जनपद अध्यक्ष श्रीमती इन्द्राणी नेहरू साहू, जिला पंचायत सभापति श्रीमती नंदनी ओंकार साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा चन्द्राकर, वरिष्ठ भाजपा नेत्री सुश्री छाया राही सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट शुरू होने से राजिम क्षेत्र के लोगों को आधुनिक लैब जांच, संक्रामक रोगों की निगरानी और बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं अब स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि यूनिट में अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से 97 प्रकार की विभिन्न जांचें कम समय में की जाएंगी। साथ ही डेंगू, मलेरिया, डायरिया और अन्य मौसमी बीमारियों का डेटा तत्काल उपलब्ध होने से समय रहते नियंत्रण और उपचार में मदद मिलेगी। इससे मरीजों को छोटी-छोटी जांचों के लिए निजी लैब या बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। कार्यक्रम को राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव आदि ने भी संबोधित किया।
लोकार्पण के बाद विधायक रोहित साहू ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जीवनदीप समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, रोशनी और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा की गई।
विधायक ने निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले और किसी भी मरीज को दवाइयों की कमी के कारण बाहर से दवा खरीदने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने जीवनरक्षक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने, एक्स-रे, पैथोलॉजी लैब और अन्य जांच उपकरणों को सुचारु रूप से संचालित करने तथा अस्पताल परिसर और वार्डों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जीवनदीप समिति के कोष का पारदर्शी उपयोग कर अस्पताल के विकास कार्यों में तेजी लाने पर भी सहमति बनी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एस. नवरत्न, बीएमओ डॉ. स्नेहलता हुमने, पार्षद तुषार कदम, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल सिन्हा, एल्डरमैन मधु नत्थानी, देवकी साहू, लक्ष्मी श्रीवास्तव, जीवन दीप समिति सदस्य सोमनाथ पटेल, कुलेश्वर साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

(सीजी टॉकिज) नवापारा-राजिम:- पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गोबरा नवापारा के शीतला पारा स्थित हनुमान मंदिर चबूतरा के पास गांजा बेच रहे तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, बिक्री की नकदी और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 59,500 रुपये का सामान जब्त किया है।
दरअसल, नवापारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शीतला पारा स्थित हनुमान मंदिर चबूतरा के पास तीन युवक कैरी बैग में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना गोबरा नवापारा पुलिस और साइबर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक कैरी बैग में रखे लगभग 550 ग्राम अवैध गांजा जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 27,000 आंकी गई है। साथ ही बिक्री के 2 हजार नगद तथा 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने ईशाक रिजवी (26 वर्ष), सोमनाथ साहू (27 वर्ष) और निखिल साहू (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। तीनों शीतला पारा, नवापारा के रहने वाले हैं।
तीनों आरोपियों के खिलाफ नवापारा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना गोबरा नवापारा के सउनि हेमंत यादव, पीएसआई जागेश्वर सिंह, टंकेश्वर, आरक्षक हुलास, सनत पाल, टीकम साहू, साइबर आरक्षक राकेश सोनी, गौरी शंकर साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

(सीजी टॉकिज) नवापारा-राजिम:- नवापारा-राजिम क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय विधायक इंद्र कुमार साहू ने अपने विशेष प्रयास से आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा को एक नया संजीवनी 108 वाहन उपलब्ध कराते हुए इसका विधिवत शुभारंभ किया गया, जो की उक्त वाहन स्थाई रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा में ही उपलब्ध रहेगा।
इस अवसर पर विधायक श्री साहू ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि संजीवनी 108 एक्सप्रेस एक सरकारी आपातकालीन एंबुलेंस सेवा है। जिसका मकसद सड़क हादसे, गंभीर बीमारी, प्रसूति केस में मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाना और रास्ते में प्राथमिक इलाज देना है। भाजपा मंडल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा ने इसे शहर एवं अंचल वासियों के लिए बहुत सुखद क्षण बताया और जीवनदायिनी संजीवनी एक्सप्रेस भी कहा।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.तेजेंद्र साहू ने कहा कि संजीवनी 108 वाहन में बेसिक लाइफ सपोर्ट ऑक्सीजन, स्ट्रेचर, बेसिक दवाएं,बीपी.मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ग्लूकोमीटर, नेबुलाइजर, ऑक्सीजन और अन्य जीवनरक्षक उपकरण, तीन नर्सिंग स्टाफ, तीन वाहन चालक है 24 घंटा के लिए उपलब्ध रहेगी।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, पार्षद गण रवि साहू, नम्मू नारायण ध्रुव, धीरज साहू, जीवनदीप समिति के सदस्य संजय साहू, मुकुंद मेश्राम, डॉ.लीलाराम साहू, श्रीमती वर्षा शर्मा, साधना सौरज, धनमती साहू, किरण सोनी, उमा कंसारी, प्रेम साधवानी, मुकेश निषाद, सीएससी के कर्मचारी लिकेश्वर तारक, मुकेश साहू, महेंद्र साहू, दुष्यंत साहू सहित सभी स्टाफ गण शहर-वासी उपस्थित थे।

(सीजी टॉकिज) राजिम:- अहिवारा विधानसभा के विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डोमनलाल कोर्सवाड़ा का गरियाबंद जिला प्रवास के दौरान धर्मनगरी राजिम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक में उन्हें भगवा गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गरियाबंद भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. रामकुमार साहू के साथ युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष दीपक साहू, महामंत्री पंकज निर्मलकर, सांसद प्रतिनिधि मकसूदन साहू, शीतल सिन्हा, ओमकार साहू, लोकनाथ साहू सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्वागत के दौरान विधायक डोमनलाल कोर्सवाड़ा ने राजिम से जुड़ी अपनी पुरानी यादें साझा करते हुए कहा कि ‘‘राजिम देवों की नगरी है। यहां मैं पहले भी पारिवारिक और राजनीतिक प्रवास पर आता रहा हूं। राजिम कुंभ का देशभर में विशेष महत्व है। वर्ष 2003 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी मुझे यहां के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क करने और लोगों से मिलने का अवसर मिला था।’’
उन्होंने कहा कि इस बार गरियाबंद जिले के प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक विरासत को नजदीक से देखने का अवसर मिला। उन्होंने क्षेत्र की जनता की सराहना करते हुए कहा कि यहां के लोग अपनी सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
विधायक डोमनलाल कोर्सवाड़ा के साथ विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, जिला पंचायत दुर्ग के सभापति जितेंद्र यादव, जनपद अध्यक्ष धमधा लिमन साहू, अनुज साहू एवं राजा पांडे भी मौजूद रहे।

(सीजी टॉकिज) राजिम:- छत्तीसगढ़ सनातन दशनाम गोस्वामी समाज के तत्वावधान में राजिम स्थित पदमा (शीतला) तालाब परिसर में रुद्राक्ष पौधारोपण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं सनातन संस्कृति के प्रति जनजागरण का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजिम विधायक रोहित साहू थे। अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में समाज के संरक्षक उमेश भारती, प्रांतीय अध्यक्ष काशीपुरी कुंदन, समाज संयोजक राजेंद्रपुरी गोस्वामी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा चंद्राकार, राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू तथा भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि रुद्राक्ष का पौधा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण और मानव जीवन के संतुलन का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, जल और हरित वातावरण देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण कर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने छत्तीसगढ़ सनातन दशनाम गोस्वामी समाज द्वारा किए जा रहे इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समाज द्वारा धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान अनुकरणीय है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि राजिम के समग्र विकास को नई गति मिली है। राजिम विधायक रोहित साहू के प्रयासों से नगर पंचायत का दर्जा बढ़ाकर नगर पालिका बनाया गया, जिससे नगर के विकास कार्यों को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि पदमा (शीतला) तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। इसके साथ ही लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से चौपाटी निर्माण, नदी किनारे नवीन मेला मैदान तक फोर-लेन सड़क तथा इसी तट पर मां राजिम की भव्य कांस्य प्रतिमा निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुआ है। इन विकास कार्यों से राजिम की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान और अधिक सशक्त होगी।
कार्यक्रम का संचालन काशीपुरी कुंदन ने किया। अंत में सभी अतिथियों एवं समाजजनों ने रुद्राक्ष के पौधे रोपित कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।इस अवसर पर लिली साहू,कामेश्वर गोस्वामी,रामकुमार गिस्वामी पार्षद गण आकाश राजपूत,भरत यादव,बलराम निषाद,तुसार कदम,उत्त्तम निषाद सहित समाज के पदाधिकारी नगर वासी उपस्थित थे।

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- अभनपुर में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरा मिल पर छापा मारा है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में सरई समेत अन्य इमारती लकड़ियां बरामद की गई हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जब्त लकड़ी की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर और कोरबा वन मंडल के अधिकारी पिछले दो दिनों से लगातार जांच में जुटे हैं।
सूत्रों के अनुसार, अभनपुर स्थित हुकुम चंद शर्मा के आरा मिल में पिछले दो दिनों से वन विभाग की संयुक्त टीम जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में लकड़ियों का स्टॉक मिला, जिसकी वैधता और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। वन विभाग की टीम लकड़ियों की नाप-तौल कर जब्ती की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कोरबा जिले में शासकीय भूमि, राजस्व विभाग, एसईसीएल (SECL ) और सीएसईबी (CSEB) क्षेत्र से काटी गई लकड़ियां चोरी-छिपे अभनपुर के इस आरा मिल तक पहुंचाई गई थीं। हालांकि इस संबंध में वन विभाग की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है और जांच जारी है।
जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, एक ही लाइसेंस पर चार अलग-अलग आरा मिलों का संचालन किया जा रहा था। इस मामले में वन विभाग दस्तावेजों की गहन जांच कर रहा है। अनियमितताएं मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने कार्रवाई के दौरान हुकुम चंद शर्मा के आरा मिल को सील कर दिया है। मौके पर जब्त की गई लकड़ियों की गिनती, नाप-तौल और मूल्यांकन का कार्य जारी है।
जब्त लकड़ियों की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस पूरे मामले में रायपुर और कोरबा वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर जांच की निगरानी कर रहे हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि लकड़ियों की आपूर्ति में और कौन-कौन लोग शामिल थे।