विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव: तिलक लगाकर बच्चों को कराया शाला प्रवेश

बच्चे बड़े सपने देखें और लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ें, सफलता जरूर मिलेगी – रोहित साहू

(सीजी टॉकिज) राजिम:- नवीन शिक्षण सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोमा विकासखंड फिंगेश्वर में अत्यंत हर्षाेल्लास और गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय परिसर में टीन शेड कार्य का भूमिपूजन भी संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू उपस्थित थे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चन्दूलाल साहू जी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती नंदनी ओंकार साहू सभापति, जिला पंचायत गरियाबंद, श्रीमती नंदनी कोमल ढीढ़ी सभापति जिला पंचायत गरियाबंद, इंद्रजीत महाड़िक सदस्य जिला पंचायत गरियाबंद, डॉ.रामकुमार साहू पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष, चंद्रशेखर साहू भाजपा जिला महामंत्री,जितेन्द्र साहू जनपद सदस्य फिंगेश्वर, रिकेश साहू मंडल अध्यक्ष राजिम,हरीश साहू अध्यक्ष सरपंच संघ फिंगेश्वर,ओमप्रकाश साहू अध्यक्ष सहकारी समिति कोमा,बलराम साहू सरपंच ग्राम पंचायत कोमा,नीतू जनक बंजारे उपसरपंच ग्राम पंचायत कोमा,भोजराम यादव अध्यक्ष ग्राम विकास समिति कोमा,टहलूरराम तारक अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति पूर्व मा. शाला कोमा,घनश्याम साहू अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति प्रा. शाला कोमा आदि शामिल हुए।

इस अवसर पर स्कूल पहुंचे नवप्रवेशी बच्चों का अतिथियों द्वारा तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और निरूशुल्क पाठ्य-पुस्तकें एवं कॉपियां भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों और ग्रामीणों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत स्कूल परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

कार्यक्रम के संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू ने कहा कि शिक्षा ही किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की धुरी है। हमारे मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में राज्य सरकार हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए संकल्पित है। आज इस शाला प्रवेशोत्सव के पावन अवसर पर मैं सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ। पालकों से मेरी अपील है कि वे बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें तथा बच्चे बड़े सपने देखे और लक्ष्य बनाकर आगे बढे,सफलता जरूर मिलेगी।

इसके साथ ही आज हमने पर्यावरण को बचाने और अपनी धरती मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए श्एक पेड़ मां के नामश् अभियान के तहत पौधे रोपे हैं। मैं सभी शिक्षकों, बच्चों और ग्रामीणों से आग्रह करता हूँ कि इन पौधों की देखभाल अपने परिवार के सदस्य की तरह करें ताकि हमारा स्कूल परिसर हरा-भरा और स्वस्थ रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छ.ग. राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चन्दूलाल साहू ने कहा कि आज का दिन हमारे नौनिहालों के लिए एक नई यात्रा की शुरुआत है। पढ़बो सब झन, गढ़बो जन-जन के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए हमें छत्तीसगढ़ के भविष्य को संवारना है। स्कूल हमारे जीवन में संस्कारों की वेदी है। मुझे पूरा विश्वास है कि शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोमा के शिक्षक पूरी निष्ठा के साथ बच्चों को बेहतर नागरिक बनाएंगे। बुनियादी सुविधाओं और बेहतर अधोसंरचना के लिए आज भूमिपूजन भी किया गया है, जो इस क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सभापति श्रीमती नंदनी ओमकार साहू ने कहा कि एक शिक्षित बेटी और एक शिक्षित बेटा ही उन्नत समाज का निर्माण कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर लगातार सुधर रहा है। पालकों और शिक्षकों के बीच का बेहतर समन्वय ही बच्चों की प्रतिभा को निखार सकता है। आज इस प्रवेशोत्सव में बच्चों के चेहरों की मुस्कान देखकर यह साफ है कि वे स्कूल आने के लिए कितने उत्साहित हैं। हम सब मिलकर फिंगेश्वर विकासखंड को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाएंगे। कार्यक्रम को नंदनी डीडी, इंद्रजीत महाडिक ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और राज्य गीत के साथ हुई। विकासखंड शिक्षा अधिकारी फिंगेश्वर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विशेष रूप से आसपास के सरपंचगण ,शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और भारी संख्या में ग्रामीण,पालक तथा विकासखंड के शिक्षकगण उपस्थित रहे। स्थानीय प्रशासन और शाला परिवार द्वारा मुख्य अतिथि और अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन किया गया।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान राष्ट्र की एकता और अखंडता का प्रतीक – रोहित साहू

(सीजी टॉकिज) राजिम :- भारतीय जनसंघ के संस्थापक, महान शिक्षाविद् एवं प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर मंगलवार को विधायक कार्यालय राजिम में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक रोहित साहू सहित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ.मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान राष्ट्र की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने देश की एकता को सर्वाेपरि मानते हुए जम्मू-कश्मीर में लागू दो विधान, दो प्रधान और दो निशान की व्यवस्था का विरोध किया तथा राष्ट्रहित के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान दिया। उनका जीवन देशभक्ति, त्याग और समर्पण की अनुपम मिसाल है,जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू ने कहा कि डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता के प्रबल प्रहरी थे। उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने तथा भारत को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ.मुखर्जी के योगदान को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि विजय कंडरा, पन्ना साहू, होरीलाल साहू, किशोर साहू, ईश्वर साहू भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मातृ शक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अभनपुर में चाकू की नोक महिला से दुष्कर्म, पड़ोसी युवक गिरफ्तार, अकेली पाकर बिगड़ी नीयत

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी भास्कर जना (23 वर्ष) और पीड़िता का परिवार मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है तथा दोनों परिवार अभनपुर क्षेत्र के गांव में एक ही मकान के अलग-अलग हिस्सों में किराये से रहते हैं। दोनों परिवार स्थानीय आकृति बिस्किट फैक्ट्री में कार्यरत हैं।

बताया गया कि 18 जून 2026 को आरोपी नियमित रूप से फैक्ट्री गया था, लेकिन दोपहर में मौका देखकर घर लौट आया। घर में महिला के अकेले होने की जानकारी आरोपी को थी। आरोप है कि आरोपी ने महिला के घर पहुंचकर उससे प्रेम का इजहार किया और जबरन कमरे में प्रवेश कर दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर डराया-धमकाया तथा उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। आरोपी ने कथित तौर पर महिला के फोटो और वीडियो भी बना लिए।

घटना के बाद आरोपी ने महिला को धमकी दी कि यदि उसने किसी को घटना की जानकारी दी तो वह उसे और उसके पति को जान से मार देगा। बाद में महिला ने अपने पति को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पति, आरोपी की पत्नी और मकान मालकिन घर पहुंचे तथा आरोपी से पूछताछ की। इस दौरान आरोपी कथित रूप से चाकू लेकर उन पर हमला करने दौड़ा। मकान मालकिन ने साहस दिखाते हुए डंडे से वार कर आरोपी को रोक लिया। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर प्राथमिक उपचार कराया। पीड़िता की शिकायत पर थाना अभनपुर में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 351(2) एवं 333 के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीड़िता, उसके पति तथा मकान मालकिन के बयान दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

नवापारा-मगरलोड को जोड़ने वाले पुल पर बड़ा हादसा टला, चालक ने कूदकर बचाई जान

(सीजी टॉकिज) नवापारा-राजिम:- नवापारा-मगरलोड मार्ग पर स्थित पुल पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए पुल के किनारे लटक गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचा ली।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक कार को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रैक्टर पुल की रेलिंग तोड़कर आधा पुल से नीचे लटक गया। हादसे में कार को भी नुकसान पहुंचा है।

यह पूरा मामला कड़ी करेली चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा अनहोनी टल गई।

गरियाबंद में बढ़ते बिजली बिल के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, बिजली विभाग का घेराव, स्मार्ट मीटर पर साधा निशाना

स्मार्ट मीटर जनता से भी अधिक स्मार्ट, कांग्रेस की सरकार आयी तो स्मार्ट मीटर हटा देंगे–अमितेश शुक्ला

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद :- बढ़ते बिजली बिल, महंगाई और स्मार्ट मीटर के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी गरियाबंद ने गुरुवार को एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विभाग का घेराव किया और विरोध स्वरूप पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कुछ देर के लिए झूमाझटकी भी हुई। हालांकि स्थिति को पुलिस ने नियंत्रित कर लिया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ रहे बिजली बिलों से आम जनता और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बढ़ती बिजली दरों ने लोगों का जीवन प्रभावित कर दिया है। यदि सरकार बिजली दरों में राहत नहीं देती और आम उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं करती, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज करेगी।

धरना-प्रदर्शन के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, छत्तीसगढ़ के प्रथम पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री एवं पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “स्मार्ट मीटर जनता से ज्यादा स्मार्ट साबित हो रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हो रही है।

अमितेश शुक्ल ने कहा कि यदि भविष्य में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो स्मार्ट मीटरों को हटाने का निर्णय लिया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। कांग्रेस ने सरकार से बिजली दरों में राहत देने और बढ़ते बिजली बिलों की समीक्षा करने की मांग की है।

राजिम विधायक रोहित साहू का जनदर्शन कार्यक्रम स्थगित

(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यों के चलते शुक्रवार को देवभोग प्रवास पर रहेंगे। विधायक कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस महत्वपूर्ण सांगठनिक व्यस्तता के चलते राजिम में उनके निवास कार्यालय में शुक्रवार आयोजित होने वाला नियमित जनदर्शन कार्यक्रम स्थगित किया गया है।

तत्पश्चात् जनदर्शन कार्यक्रम अपनी पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पुनः प्रारंभ किया जाएगा। उक्त जानकारी विधायक रोहित साहू के निज सहायक किशोर कुमार साहू ने दी है।

कुरुसकेरा के विकास को मिली नई गति, विधायक रोहित साहू ने किया भूमिपूजन व लोकार्पण

(सीजी टॉकिज) राजिम :- ग्राम पंचायत कुरुसकेरा में रंगमंच के लोकार्पण एवं सीसी रोड निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजिम विधायक रोहित साहू रहे तथा अध्यक्षता जनपद पंचायत फिंगेश्वर की अध्यक्ष श्रीमती इंद्राणी साहू ने की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि कुरुसकेरा छोटा गांव जरूर है, लेकिन यह एक गौरवशाली गांव है। यहां के मेहनतकश किसान और ग्रामीण सब्जी बाड़ी के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल प्रस्तुत कर रहे हैं। गांव के लोगों की मेहनत और विकास के प्रति जागरूकता अन्य गांवों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद आम लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की माताओं-बहनों को प्रतिमाह आर्थिक सहायता मिल रही है, किसानों से धान की खरीदी 31 सौ रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों के पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।

विधायक ने ग्रामीणों की मांग पर टिन शेड निर्माण एवं नाली निर्माण कार्य कराने की घोषणा करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

जनपद अध्यक्ष श्रीमती इंद्राणी साहू ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान एवं महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए विधायक एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकास कार्यों से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिल रहा है।

इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष सतीश यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपी ध्रुव, सरपंच संघ अध्यक्ष हरीश साहू, जिला मंत्री जगदीश यादव, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष शेखर पटेल, सरपंच कमल क्रांति राव, उपसरपंच भूपेन्द्र वर्मा,मंडल महामंत्री हेमन वर्मा,धानबाई साहू,दशरथ यादव,विनोद पटेल,भारत वर्मा,गिरधारी तारक, लक्ष्मण साहू,युवराज साहू,खेलावन वर्मा,खेलन पटेल,मनोज साहू,गौतम साहू,सेवती तारक, सोना बाई, गोमती बाई,चेमन साहू,तुकेश साहू,मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

खाद-बीज और महंगाई को लेकर कांग्रेस का हंगामा, विधायक रोहित साहू को दिखाए काले झंडे, सैकड़ों कांग्रेसी गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) राजिम :- खाद-बीज की किल्लत और लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर बुधवार को राजिम क्षेत्र में कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने गरियाबंद जा रहे विधायक रोहित साहू को काले झंडे दिखाने निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पाण्डुका के चारों धाम चौक पर रोकते हुए बड़ी संख्या में गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान क्षेत्र कुछ समय के लिए गरियाबंद-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता काले कपड़े और काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों ने रोहित साहू वापस जाओ और मुख्यमंत्री वापस जाओ के नारे लगाते हुए सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि प्रदेश में खाद-बीज संकट और बढ़ती महंगाई से किसान एवं आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।

ब्लॉक अध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्ता गिरफ्तार

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए चारों धाम चौक पर बैरिकेडिंग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रुपेश साहू सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद भी कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे।

विरोध के चलते विधायक का काफिला रुका

कांग्रेस के उग्र प्रदर्शन के कारण विधायक रोहित साहू के काफिले को भी कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। इस दौरान सड़क पर भारी गहमागहमी का माहौल बना रहा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने

विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को बिगड़ने से रोक लिया।

मुख्यमंत्री के गरियाबंद दौरे और कार्यक्रम को लेकर जिले में पहले से ही राजनीतिक सरगर्मी बनी हुई थी। कांग्रेस ने इसे जनहित के मुद्दों को उठाने का अवसर बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की।

बैंक मित्र और चॉइस सेंटर कर्मियों से लूटपाट, 4 आरोपी गिरफ्तार, सरपंच का भाई निकला मास्टरमाइंड

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- अभनपुर पुलिस ने लूट की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बैंक मित्र और चॉइस सेंटर के कर्मचारियों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के लूट की वारदात को अंजाम दिया था। गिरोह का मास्टरमाइंड सरपंच का छोटा भाई निकला, जो पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। मामला रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हसदा और सारखी में दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देते हुए करीब 3 लाख 50 हजार रुपये लूट लिए थे। गिरोह के सदस्य पहले अपने शिकार की पूरी रेकी करते थे और फिर सुनसान जगह पर रोककर चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंकते हुए चाकू दिखाकर नकदी लूट लेते थे।

बैंक मित्र से लूटे 2 लाख

ग्राम बिरोदा निवासी पोषण साहू खोरपा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में बैंक मित्र के पद पर कार्यरत हैं। 1 जून की शाम करीब 4.40 बजे पोषण बैंक से छुट्टी होने के बाद अपने निजी खाते से 2 लाख रुपये निकाले और रकम को अपने पिट्ठू बैग में रखकर मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे।

इस दौरान ग्राम सारखी और बिरोदा के बीच स्थित पुलिया के पास आरोपियों ने जेब से मिर्च पाउडर निकालकर उनके चेहरे पर फेंकने का प्रयास किया, जबकि दूसरे ने चाकू जैसी वस्तु निकालकर डराया-धमकाया। अकेला होने के कारण वह विरोध नहीं कर सके। इसके बाद आरोपी उनके बैग में रखे 2 लाख रुपये नकद, करीब 10 हजार रुपये कीमत का ओप्पो मोबाइल फोन और दुकान की चाबी लूटकर फरार हो गए।

बैंक से ही करते थे रेकी

मामले की शिकायत के बाद अभनपुर पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक और चॉइस सेंटरों के आसपास नजर रखते थे। जैसे ही कोई बैंक मित्र या कर्मचारी बड़ी रकम लेकर निकलता, उसका पीछा शुरू कर देते थे। सुनसान स्थान मिलते ही मिर्च पाउडर और चाकू के दम पर लूट की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस को आशंका थी कि आरोपियों ने बैंक परिसर से ही पोषण साहू की गतिविधियों पर नजर रखी थी और रकम निकालते ही उनका पीछा शुरू कर दिया था। इसी एंगल पर जांच आगे बढ़ाई गई, जिसके बाद पूरा गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

सरपंच का भाई निकला गिरोह का सरगना

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह का मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ देशबंधु है, जो ग्राम पंचायत सारखी के सरपंच का छोटा भाई है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी लंबा है। उसके खिलाफ आबकारी, मारपीट, धोखाधड़ी सहित कई मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो दोपहिया वाहन, चार मोबाइल फोन, दो धारदार चाकू तथा लूट की रकम में से 70 हजार रुपये नकद बरामद कर जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। आरोपियों से पूछताछ में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

आरंग में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाईः 98 पाव अवैध शराब के साथ दो कोचिया गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) आरंग:- अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग की टीम ने आरंग क्षेत्र में कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुटेला के बिहारी मोड़ कुटेला भाठा क्षेत्र में अवैध शराब की खेप लाई गई है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 98 पाव विदेशी मदिरा व्हिस्की (गोवा ब्रांड) बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 17.64 बल्क लीटर है। बरामद शराब पर गिद्धपुरी मदिरा दुकान, बलौदाबाजार का मार्क अंकित पाया गया।

आरोपियों की पहचान प्रदीप बांधे (26 वर्ष) पिता लखेश्वर बांधे एवं महेंद्र सोनवानी (26 वर्ष) पिता प्रेमशंकर सोनवानी, दोनों निवासी पलारी, थाना पलारी के रूप में हुई है। आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालयीन कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना प्रीति कुशवाहा द्वारा की जा रही है। इस कार्रवाई में ईएसआई सुशील चंद्राकर, प्रधान आरक्षक दिगंबर बूरा, आरक्षक कृष्णकांत गढ़वाल एवं ऋत्विक खोबरागढ़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।