CGTalkies

CGTalkies News

शासन-प्रशासन से गुहार लगाकर थक चुके ग्रामीणों ने खुद संभाली कमान, नाले में बनाया वैकल्पिक पुलिया

(सीजी टॉकिज) छुरा:- शासन-प्रशासन से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जब वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीणों ने आखिरकार खुद जिम्मेदारी उठाने का फैसला किया। छुरा विकासखंड मुख्यालय से महज 4 से 5 किलोमीटर दूर कोगालबाहरा नाला पर धर्मपुर और राजपुर के ग्रामीणों ने मिलकर वैकल्पिक पुलिया का निर्माण कर दिया।

टेंगनाबासा से सिवनी रोड को जोड़ने वाले इस मार्ग पर नाले में पुल नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से चंदा जुटाकर, मानव श्रम के साथ ट्रैक्टर और जेसीबी की मदद से वैकल्पिक पुलिया तैयार की है।

ग्रामीणों के मुताबिक कोगालबाहरा नाला पार कर छुरा ब्लॉक मुख्यालय की दूरी करीब 4 से 5 किलोमीटर ही है। लेकिन नाले पर स्थायी पुल नहीं होने के कारण वैकल्पिक मार्ग से जाने पर लोगों को लगभग 15 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, किसानों, बुजुर्गों और रोजमर्रा के काम से ब्लॉक मुख्यालय आने-जाने वाले ग्रामीणों को होती थी। बारिश के दौरान नाले में पानी बढ़ने पर समस्या और गंभीर हो जाती थी।

बारिश में नाला पार करना बन जाता था मुसीबत

नाले पर पुल नहीं होने से बरसात के दिनों में दोपहिया और चारपहिया वाहनों को यहां से गुजरना बेहद मुश्किल हो जाता था। कई बार वाहन किसी तरह नाला पार कर भी लेते थे, तो रास्ते की खराब स्थिति और पानी के कारण वाहनों में तकनीकी खराबी आने की शिकायतें सामने आती थीं। कई मौकों पर ग्रामीणों को वाहन लेकर वापस लौटना पड़ता था और लंबा चक्कर काटकर मुख्यालय पहुंचना पड़ता था।

ग्रामीणों ने खुद उठाया फावड़ा

ग्रामीणों का कहना है कि कोगालबाहरा नाला पर पुलिया निर्माण के लिए वे कई बार शासन और प्रशासन से मांग कर चुके हैं। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने समस्या रखी गई, लेकिन मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने अब इंतजार करने के बजाय खुद ही पहल करने का निर्णय लिया। धर्मपुर और राजपुर के ग्रामीण एकजुट हुए। गांव के लोगों ने आपस में चंदा एकत्रित किया और निर्माण कार्य के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की। ग्रामीणों ने जहां अपने स्तर पर श्रमदान किया, वहीं ट्रैक्टर और जेसीबी के खर्च का भी आपसी सहयोग से इंतजाम किया गया।

सरकारी व्यवस्था का इंतजार करने के बजाय ग्रामीणों द्वारा स्वयं संसाधन जुटाकर रास्ते की समस्या दूर करने की कोशिश क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पुलिया उनकी सुविधा के लिए बेहद जरूरी है। इससे न केवल दूरी कम होगी, बल्कि स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, किसानों और आम नागरिकों को बारिश के दिनों में बड़ी राहत मिलेगी।

हालांकि ग्रामीणों की यह पहल तत्काल राहत देने वाली है, लेकिन उनका कहना है कि स्थायी समाधान के लिए शासन-प्रशासन को यहां पक्का पुल बनाना चाहिए।

ग्रामीणों की मेहनत के बाद क्या जागेगा प्रशासन?

जिस रास्ते के लिए ग्रामीण वर्षों से मांग करते रहे, उसी रास्ते पर आखिरकार उन्हें अपने संसाधनों से वैकल्पिक पुलिया बनानी पड़ी। ग्रामीणों की यह पहल जहां उनकी मजबूरी और एकजुटता दोनों को दिखाती है, वहीं यह सवाल भी खड़ा करती है कि जब ब्लॉक मुख्यालय महज 5 किलोमीटर दूर है, तो इतनी महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी के लिए स्थायी पुलिया अब तक क्यों नहीं बन सकी?

अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी मेहनत को देखते हुए शासन-प्रशासन इस समस्या का स्थायी समाधान करेगा और कोगालबाहरा नाला पर पक्का पुल निर्माण की दिशा में जल्द कदम उठाएगा।

अभनपुर हत्याकांड का खुलासा: शराब के बाद लूट की साजिश, नाबालिग ने चाकू से की हत्या; मानिकचौरी के पास मिला था शव, 3 गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) अभनपुर:- राजिम मार्ग पर चाकू मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पीने के बाद खर्च के लिए पैसे नहीं होने पर आरोपियों ने राहगीर को लूटने की योजना बनाई थी। देर रात पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर राहगीर को रोकने की कोशिश की गई। बाइक नहीं रोकने पर आरोपियों ने पीछा कर उसे ओवरटेक किया और रोककर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है।

पहले शराब पी, फिर लूटने की बनाई योजना

अभनपुर मार्ग पर मिला युवक का शवपुलिस के मुताबिक 4 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे वेदप्रकाश ध्रुव उर्फ धुनु और छबी जांगड़े उर्फ धोंधी शराब लेकर मानिकचौरी रेलवे फाटक के पास कृष्णा डेलीनीड्स के आसपास पहुंचे। दोनों ने वहां शराब का सेवन किया। इसके बाद खर्च के लिए पैसे नहीं होने पर दोनों ने राहगीरों को लूटने की योजना बनाई। रात करीब 1 बजे दोनों मोटरसाइकिल से अभनपुर की ओर रवाना हुए। रास्ते में उन्हें एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। आरोपियों ने पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर उसे रोकने की कोशिश की।

बाइक नहीं रोकी तो ओवरटेक कर जबरन रोका

राहगीर ने जब अपनी मोटरसाइकिल नहीं रोकी तो आरोपियों ने उसका पीछा किया। कुछ दूर आगे जाकर मोटरसाइकिल को ओवरटेक कर उसे रोक लिया। बातचीत के दौरान छबी जांगड़े उर्फ धोंधी ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वेदप्रकाश भी मारपीट में शामिल हो गया। दोनों ने मिलकर युवक को पकड़ लिया। इसी दौरान विरोध करने पर नाबालिग ने अपने पास रखे धारदार चाकू से युवक पर कई वार कर दिए। चाकू के हमले से युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

मोबाइल और 1000 लूटकर फरार

हमले के बाद आरोपियों ने युवक के पास से मोबाइल फोन और 1000 नगद लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल पर युवक मृत अवस्था में मिला, जबकि उसकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे पड़ी हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को सुरक्षित रूप से मर्च्यूरी में रखवाया। मृतक की पहचान ग्राम गातापार निवासी देवाराम साहू पिता स्वर्गीय जुगराम साहू (48 वर्ष) के रूप में हुई है।

CCTV  और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंची पुलिस आरोपियों तक

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के CCTV  फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को घटना में शामिल तीन लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

अभनपुर मार्ग पर मिला युवक का शवपूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू सहित अन्य सामग्री बरामद कर जब्त की गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

नाबालिग के खिलाफ पहले भी दर्ज है मामले

पुलिस के अनुसार घटना का मुख्य आरोपी नाबालिग है, जिसके विरुद्ध पूर्व में छह गंभीर अपराधों में संलिप्तता पाई गई है। वह किशोर न्याय बोर्ड से जमानत के बाद बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था। इस मामले में गिरफ्तार वेदप्रकाश ध्रुव उर्फ धुनु के खिलाफ पूर्व में चोरी, लूट और हत्या का मामला दर्ज है। जबकि छबी जांगड़े उर्फ धोंधी के विरुद्ध भी पूर्व में मारपीट के 3, लूट और हत्या के मामले दर्ज हैं।

गरियाबंद ब्रेकिंग: गजपल्ला वॉटरफॉल में फिर डूबा युवक, स्टंटबाजी का वीडियो वायरल; पिछले साल भी गई थी युवती की जान

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद :- जिले के गजपल्ला वॉटरफॉल में एक बार फिर दर्दनाक हादसा सामने आया है। पिकनिक मनाने रायपुर से पहुंचे युवाओं के समूह में शामिल एक युवक की जलप्रपात में नहाने के दौरान डूबने से मौत होने की खबर है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है।

जानकारी के मुताबिक रायपुर निवासी 17 वर्षीय आदित्य चौधरी अपने 5 दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गजपल्ला वॉटरफॉल पहुंचे थे। इसी दौरान आदित्य नहाने के लिए पानी में उतरा और गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया। साथियों ने घटना की सूचना प्रशासन को दी, जिसके बाद संबंधित टीम मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक नाम और अन्य विवरण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। रेस्क्यू टीम द्वारा शव को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई।

स्टंटबाजी का वीडियो वायरल

गजपल्ला वॉटरफॉल में युवक के डूबने की घटना के बीच यहां सैलानियों की कथित स्टंटबाजी का वीडियो भी चर्चा में आ गया है। वायरल वीडियो में कुछ लोग पानी और चट्टानों के बीच बेहद खतरनाक अंदाज में स्टंट करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि गजपल्ला वॉटरफॉल को पर्यटकों के लिए प्रतिबंधित किया जा चुका है, लेकिन लोग यहां तक पहुंच कैसे रहे हैं? यह बड़ा सवाल है।

एक साल पहले भी गई थी युवती की जान

गजपल्ला वॉटरफॉल में यह पहली घटना नहीं है। 15 जुलाई 2025 को भी यहां एक युवती की डूबने से मौत हो गई थी। उस समय रायपुर से 5 लड़कियां और 2 लड़के पिकनिक मनाने गजपल्ला जलप्रपात पहुंचे थे। इसी दौरान 18 वर्षीय महविश खान पानी में डूब गई थीं। घटना के बाद करीब 24 घंटे तक तलाश अभियान चलाया गया और युवती का शव जलप्रपात के नीचे बने खोल में फंसा मिला था।

प्रशासन ने किया था बैन

घटना के बाद जिला प्रशासन द्वारा गजपल्ला जलप्रपात को पर्यटकों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था। साथ ही आसपास के गांवों में मुनादी भी कराई गई थी। बताया गया कि यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार गजपल्ला जलप्रपात का पानी कई जगह 20 फीट से अधिक गहरा है। जलप्रपात के भीतर चट्टानों के खोल और सुरंगनुमा हिस्से भी हैं, जिससे पानी में उतरने वालों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।

Video

अभनपुर-राजिम मार्ग पर युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या या हादसा जांच में जुटी पुलिस

(सीजी टॉकिज)अभनपुर :- अभनपुर-राजिम मार्ग पर शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की मौत सड़क हादसे में हुई या उसके साथ कोई आपराधिक वारदात हुई? इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने शुरू की जांच

अभनपुर मार्ग पर मिला युवक का शवजानकारी के अनुसार मानिकचौरी के रेलवे क्रासिंग के पास शुक्रवार रात युवक का खून से लथपथ शव मिला। घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की पहचान अभनपुर क्षेत्र के ग्राम गातापार निवासी देवाराम साहू पिता स्वर्गीय जुगराम साहू (48 वर्ष) के रूप में हुई है।

मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका गहरा गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार दोपहर अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जांच सेंपल एकत्र किए हैं। वहीं पुलिस द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

अभनपुर मार्ग पर मिला युवक का शवघटना रात की होने के कारण पुलिस के सामने कई अहम सवाल हैं। देवाराम साहू वहां कैसे पहुंचे? उनकी मौत किस परिस्थिति में हुई? क्या वे किसी हादसे का शिकार हुए या किसी ने उन्हें निशाना बनाया? घटनास्थल के पास ही मृतक की बाइक बरामद होने की बात भी सामने आई है। मृतक के शरीर पर मिले चोट के निशानों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।

ज्ञानोवा हाइट्स स्कूल बासीन में कृष्ण जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस का भव्य समारोह, दही-हांडी और रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

(सीजी टॉकिज) राजिम :- स्थानीय ज्ञानोवा हाइट्स स्कूल बासीन के प्रांगण में 5 सितंबर को कृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस का संयुक्त समारोह हर्षाेल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। भक्ति, संस्कृति और गुरु-शिष्य परंपरा से सराबोर इस आयोजन में विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा महान शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने कृष्ण जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस की थीम पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

नन्हे राधा-कृष्ण ने जीता सबका दिल

जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा, कृष्ण, गोपियों और ग्वालों की आकर्षक वेशभूषा में नजर आए। विद्यालय परिसर को फूलों, मोरपंखों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण मानो गोकुल की छटा बिखेर रहा था। बच्चों ने कृष्ण लीला, भजनों पर आधारित नृत्य-नाटिका सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। वहीं दही-हांडी एवं मटकी फोड़ कार्यक्रम ने समारोह में विशेष उत्साह भर दिया। नन्हे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

समारोह के दूसरे चरण में शिक्षक दिवस को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीनियर विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के सम्मान में भाषण, कविता पाठ और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को तिलक लगाकर उनका सम्मान किया तथा अपने हाथों से बनाए गए ग्रीटिंग कार्ड भेंट किए। इस दौरान बच्चों ने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

प्रधानाचार्य ने बताया गुरु और ईश्वर का महत्व

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को कृष्ण जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन और ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते’ के संदेश के माध्यम से विद्यार्थियों को कर्म के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि समाज के निर्माण में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। गुरु और ईश्वर दोनों ही मनुष्य को सही मार्ग दिखाने का कार्य करते हैं। विद्यार्थियों को अपने जीवन में अनुशासन, कर्म और संस्कारों को अपनाने की प्रेरणा दी गई।

राष्ट्रगान और प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम का समापन शिक्षकों के सम्मान समारोह, राष्ट्रगान एवं बच्चों तथा उपस्थित अतिथियों के बीच प्रसाद वितरण के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर भक्ति, उत्साह, सकारात्मक ऊर्जा और गुरु-शिष्य परंपरा से सराबोर नजर आया।

शिक्षक दिवस पर अरंड स्कूल में न्योता भोज, स्वर्गीय फेंकू प्रसाद शर्मा की स्मृति में परिवार ने बच्चों को कराया भोजन

(सीजी टॉकिज) राजिम:- शिक्षक दिवस के अवसर पर अरंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में सेवानिवृत्त शिक्षक स्वर्गीय फेंकू प्रसाद शर्मा की स्मृति में न्योता भोज का आयोजन किया गया। बासीन निवासी स्वर्गीय शर्मा के परिवारजनों ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को भोजन कराया और उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वर्गीय फेंकू प्रसाद शर्मा ने अरंड स्थित प्राथमिक शाला में लंबे समय तक शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। इसी विद्यालय से वे सेवानिवृत्त हुए थे। 21 अगस्त 2026 को स्वास्थ्यगत कारणों के चलते उनका आकस्मिक निधन हो गया था। शिक्षक दिवस के अवसर पर उनकी कर्मभूमि रहे अरंड स्कूल पहुंचकर परिवारजनों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ उनकी स्मृतियां साझा कीं।

इस अवसर पर श्रीमती विशाखा शर्मा, बड़े सुपुत्र आशीष शर्मा, छोटे सुपुत्र आशुतोष शर्मा और नाती अथर्व शर्मा सहित प्रधान पाठक लक्ष्मी ध्रुव एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। परिवार के सदस्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने स्वर्गीय शर्मा को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को नमन किया।

परिवारजनों ने कहा कि स्वर्गीय शर्मा जी का अरंड स्कूल और यहां अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों से विशेष लगाव रहा है। विद्यालय उनकी कर्मभूमि रहा, इसलिए उनकी स्मृति को जीवंत बनाए रखने और बच्चों के साथ उनके आत्मीय जुड़ाव को याद रखने के उद्देश्य से न्योता भोज का आयोजन किया गया। न्योता भोज के माध्यम से परिवार ने न केवल बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं, बल्कि स्वर्गीय फेंकू प्रसाद शर्मा की शिक्षा सेवा और उनके विद्यार्थियों के प्रति समर्पण को भी श्रद्धापूर्वक याद किया। शिक्षक दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यालय परिवार के लिए भावुक और प्रेरणादायी अवसर बन गया।

नवापारा में शुष्क दिवस पर शराब की बिक्री: कोचिया गिरफ्तार, 62 पौवा शराब जब्त

(सीजी टॉकिज) नवापारा :- अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए गोबरा नवापारा पुलिस ने एक बार फिर कार्रवाई करते हुए सोमवारी बाजार स्थित चबूतरे से एक शराब कोचिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 62 पौवा देशी मसाला शराब जब्त की है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6200 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश एवं थाना प्रभारी गोबरा नवापारा के नेतृत्व में क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 4 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि सोमवारी बाजार गोबरा नवापारा के चबूतरे के पास एक व्यक्ति काले रंग के पिट्ठू बैग में अवैध शराब रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक निषाद (48 वर्ष) पिता विष्णु निषाद निवासी वार्ड क्रमांक 13 गोबरा नवापारा जिला रायपुर बताया। पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद काले रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसमें 62 पौवा देशी मंदिरा मसाला शराब बरामद हुई। आरोपी से शराब रखने और बिक्री के संबंध में वैध लाइसेंस एवं दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने शराब को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर थाना गोबरा नवापारा लाया। मामले में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को रायपुर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेन्द्र दुबे, प्रधान आरक्षक हिरेन्द्र वर्मा, आरक्षक टीकम साहू और आरक्षक रोमन ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अभनपुर में चाकू लहराकर लूटपाट की कोशिश, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार; आरोपियों का निकला जुलूस

(सीजी टॉकिज) अभनपुर:- आम लोगों को धारदार चाकू लहराकर डराने-धमकाने और लूटपाट का प्रयास करने के मामले में अभनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का अभनपुर नगर जुलूस भी निकाला।

पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि यारा द पंजाबी ढाबा अभनपुर के पास तीन व्यक्ति मोटरसाइकिल से पहुंचे हैं और धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना में उनके द्वारा लूटपाट का प्रयास किए जाने की भी जानकारी दी गई थी। सूचना मिलते ही थाना अभनपुर की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही तीनों आरोपी भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू बंजारे उर्फ राजू पठान (30 वर्ष) पिता जवाहर बंजारे निवासी वार्ड क्रमांक 07 अभनपुर तथा दीपक वर्मा (25 वर्ष) पिता चंदूलाल वर्मा निवासी ग्राम बड़े उरला के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान मोहित मिता निवासी ग्राम टोकरो के रूप में हुई है।

अभनपुर में चाकू लहराकर लूटपाट की कोशिशपुलिस ने आरोपी राजू बंजारे उर्फ राजू पठान के कब्जे से एक स्टील का धारदार चाकू बरामद किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 केसी 3871 को भी जब्त किया गया। चाकू के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की।

लूट और चाकूबाजी के पुराने मामले भी दर्ज

अभनपुर में चाकू लहराकर लूटपाट की कोशिशपुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी राजू बंजारे उर्फ राजू पठान के खिलाफ थाना क्षेत्र में लूट और चाकूबाजी से जुड़े कई प्रकरण पहले से दर्ज हैं। मामले में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 111 बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब फरार आरोपी मोहित मिता की तलाश में जुटी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश सहित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

अमलीडीह के कौहबाहरा पारा में जन्माष्टमी की धूम, बच्चों और महिलाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

(सीजी टॉकिज) पिथौरा :- समीपस्थ ग्राम अमलीडीह के कौहबाहरा पारा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और भव्य तरीके से मनाया गया। महिला ग्रुप द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी धार्मिक आयोजन के साथ-साथ बच्चों और महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर पूरे मोहल्ले में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर भगवान श्रीकृष्ण की महाआरती की। इसके बाद भगवान को भोग अर्पित किया गया और श्रद्धालुओं के बीच भंडारा एवं प्रसादी का वितरण किया गया।

दही हांडी और मटका फोड़ ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम के दौरान दही हांडी और मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि पहली बार महिलाओं ने भी मटका फोड़ कार्यक्रम में हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ जन्माष्टमी का पर्व मनाया।

बच्चों के लिए हुईं कई प्रतियोगिताएं

महिला ग्रुप द्वारा छोटे स्कूली बच्चों के लिए भी कई तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें मटका फोड़, दही लूट, कुर्सी दौड़, जलेबी दौड़ और बोरा दौड़ सहित विभिन्न कार्यक्रम शामिल रहे।

प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेता बच्चों को कॉपी, पेंसिल, पेन, कंपास बॉक्स सहित अन्य सामग्री पुरस्कार के रूप में प्रदान की गई।

सैकड़ों लोगों ने लिया हिस्सा

इस आयोजन में महिला ग्रुप की प्रियंका सेन, उर्वशी साहू, गायत्री सिन्हा, देवकी साहू, रामेश्वरी डडसेना, प्रियंका देवदास, मंजू साहू, गीता यादव, बेदबाई साहू, गीता साहू, दुर्गा निषाद और जुगल ठाकुर सहित अन्य लोगों ने विशेष सहयोग दिया।

कार्यक्रम में मोहल्ले के सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। धार्मिक आस्था, बच्चों की प्रस्तुतियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के चलते पूरे कौहबाहरा पारा में जन्माष्टमी का उत्साह देखते ही बना।

विकास की सौगात, विधायक रोहित साहू ने घोघरा में सीसी रोड और सामुदायिक भवन का किया लोकार्पण

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर:- ग्राम पंचायत गनियारी के आश्रित ग्राम घोघरा में ग्रामीणों को बड़ी विकास सौगात मिली है। गांव में नवनिर्मित सीसी रोड और सामुदायिक भवन का विधायक रोहित साहू ने लोकार्पण किया। विकास कार्यों के शुरू होने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति नंदनी ओमकार साहू ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, सरपंच संघ जिलाध्यक्ष हरीश साहू और भाजपा मंडल अध्यक्ष मंजुलता साहू मौजूद रहीं।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार गांव, गरीब और जरूरतमंद परिवारों के हित में लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य हर जरूरतमंद परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि माताओं-बहनों के सम्मान और आर्थिक सहयोग के लिए प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच रहा है और विकास कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास जारी है।

बिजली बिल को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

विधायक रोहित साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग घर-घर जाकर बिजली बिल के नाम पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार जनता को राहत देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।

रोहित साहू ने किया लोकार्पणउन्होंने प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों से सौर ऊर्जा योजना का लाभ उठाने और अपने घरों में सोलर पैनल लगाने की अपील की। विधायक ने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से परिवारों को बिजली खर्च में राहत मिल सकती है और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला पंचायत सभापति नंदनी ओमकार साहू ने कहा कि घोघरा में सीसी रोड और सामुदायिक भवन का निर्माण ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही जरूरत को पूरा करता है। सीसी रोड बनने से आवागमन सुगम होगा, वहीं सामुदायिक भवन का उपयोग सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए आगे भी विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष मंजुलता साहू ने ग्रामीणों को विकास कार्यों की बधाई देते हुए शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती सरोज भीखम लोहिले, उपसरपंच महेश साहू, ओमकार साहू, दीना साहू, भूषण साहू, किशोर निर्मलकर, परमेश्वर गन्धर्व, मिथलेश ध्रुव, आशाराम, पूर्व जनपद सदस्य भुपेश्वरी साहू, पुष्पी साहू, पंच आनंदराम साहू, उदय यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। लोकार्पण के बाद ग्रामीणों ने गांव में विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।