(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- नगर की ऐतिहासिक क्रीड़ा संस्था समता क्लब फिंगेश्वर के 58वें स्थापना दिवस के अवसर पर नगर स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नगर के विभिन्न खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के जूनियर बालिका वर्ग में हिमांशी यदु ने प्रथम स्थान हासिल कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि अंशिका निर्मलकर उपविजेता रहीं।
जूनियर बालक वर्ग में विनय यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं चिरंजीवी यदु ने द्वितीय स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में भूपेंद्र राजवंशी विजेता बने, जबकि अतीक वारसी उपविजेता रहे।
58 वर्षों से खेल प्रतिभाओं को दे रहा मंच
स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था के संस्थापक घनश्याम यदु ने संस्थापक क्रीड़ा ध्वज का ध्वजारोहण किया। इस दौरान नन्हे खिलाड़ियों ने भी अपने खेल का शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी अतिथियों ने जमकर सराहना की। घनश्याम यदु ने संस्था के सभी संस्थापक सदस्यों को याद करते हुए समता क्लब से जुड़ी पुरानी यादों को साझा किया। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित रूप से खेलों से जुड़े रहने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष धनराज सूर्यवंशी ने समता क्लब की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इस संस्था ने लंबे समय से नगर के बच्चों और युवाओं को खेल के लिए बेहतर मंच प्रदान किया है। उन्होंने संस्था से जुड़ी अपनी पुरानी यादें साझा करते हुए बताया कि समता क्लब ने अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उन्होंने बच्चों से मोबाइल और अन्य गतिविधियों में समय बिताने के बजाय खेलों से जुड़कर अपनी प्रतिभा निखारने और नगर का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
संस्था के उपाध्यक्ष दूजलाल बंजारे ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि समता क्लब द्वारा वर्षों से खिलाड़ियों को निशुल्क खेल सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने संस्था के संस्थापक घनश्याम यदु और उनके सहयोगियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्लब बच्चों को खेल के प्रति प्रेरित करने के साथ उनके शारीरिक और मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संस्था के अध्यक्ष भागवत हरित ने भी सभी विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में उत्तम राजवंशी, उमेश यदु, दिनेश श्रीवास, पुष्पेंद्र निषाद, लक्ष्य शर्मा, पीयूष यदु, राहुल शर्मा, शंभू यादव, जिज्ञासा शर्मा, भूमिका रावत, जानवी रावत, काव्य योगी, योगिता योगी, पद्माक्षी साहू, नमन श्रीवास सहित कई खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
पुरस्कार वितरण समारोह में महेंद्र यदु, नोस राम साहू, सोहनलाल सेन, रवि दत्त मिश्रा, कमलेश यदु, पत्रकार योगेश ठाकुर, मनोज निर्मलकर और जयकुमार शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












Leave a Reply