पांडुका–जतमई मुख्य मार्ग पर दिखा जंगली भालू, लोगो में दहशत

(सीजी टॉकीज) पाण्डुका: गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र अंतर्गत पांडुका–जतमई मुख्य मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्राम तौरेंगा के पास अचानक एक जंगली भालू सड़क पर दिखाई दिया। भालू को देखते ही मार्ग से गुजर रहे राहगीरों की लंबी कतार लग गई और लोग दहशत में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जंगली भालू कुछ देर तक सड़क के किनारे नजर आया। इस दौरान कई लोग अपने वाहनों को रोककर भालू को देखने लगे। हालांकि, राहगीरों की भीड़ और हलचल को देखकर भालू अचानक सड़क पार करते हुए तेजी से जंगल की ओर भाग गया और देखते ही देखते घने जंगल में ओझल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही पांडुका वन परिक्षेत्र की टीम सतर्क हो गई है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगली जानवरों से दूरी बनाए रखें, उन्हें उकसाने या पास जाने की कोशिश न करें, और किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत विभाग को दें।

फिलहाल इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *